पटना, 23 सितंबर 2026
चुनाव आयोग के निर्णयों और आयोग के भीतर मतभेद की खबरों को लेकर बिहार कांग्रेस ने मंगलवार को पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से इनकम टैक्स गोलंबर पर अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव के नेतृत्व में आक्रोश मार्च निकाला गया और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर इस्तीफे की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सरकार के दबाव में काम कर रहा है और एक निष्पक्ष संवैधानिक संस्था के रूप में अपनी विश्वसनीयता खो रहा है।’
“CEC प्रवक्ता की तरह कर रहे हैं व्यवहार” – कांग्रेस
इस अवसर पर अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव ने कहा कि चुनाव आयोग सत्तारूढ़ दल के हाथों की कठपुतली बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त एक संवैधानिक संस्था के प्रमुख की भूमिका के बजाय सत्तारूढ़ दल के प्रवक्ता की तरह व्यवहार कर रहे हैं।

कपिलदेव यादव ने कहा, “मुख्य चुनाव आयुक्त स्वयं को संस्था से ऊपर मानकर काम कर रहे हैं। आयोग के भीतर अन्य दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों और असहमतियों को दरकिनार किया जा रहा है। यह लोकतंत्र के लिए गंभीर सवाल है।”
कांग्रेस का दावा है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले लगभग 10 महीनों में आयोग के विभिन्न कदमों और आदेशों पर 14 बार रिकॉर्ड पर लिखित आपत्ति दर्ज की है। इन आपत्तियों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और आयोग की निर्णय लेने की प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। पार्टी ने कहा कि यदि मतदाताओं के नाम और उनके मताधिकार पर सवाल खड़े होते हैं, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है।
उन्होंने CEC से पद छोड़ने और चुनाव आयोग की संवैधानिक विश्वसनीयता, मतदाताओं के अधिकार और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
प्रदर्शन में कई बड़े नेता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में विधायक दल के पूर्व नेता डॉ. शकील अहमद खान, सेवादल अध्यक्ष डॉ. संजय यादव, अफरोज खान, प्रेमचंद सिंह, शिशिर कौंडिल्य, डॉ. अमन कुमार, मंजीत आनंद साहू, मृणाल अनामय, सत्येंद्र कुमार सिंह, इन्द्रदीप चंद्रवंशी, नदीम अख्तर अंसारी, रुचि सिंह, सतेंद्र कुमार, निशांत करपटने, बिट्टू यादव, विशाल यादव, अरुण पाठक, मिहिर झा, रमाशंकर पान, राज कुमार पूर्वे, बिपिन झा, दिनेश शंकर दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
![]()
