पटना, 23 सितंबर 2026

देशरत्न राजेंद्र प्रसाद शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, बिहार विद्यापीठ, पटना में बी.एड. सत्र 2026-2028 के नवागंतुक प्रशिक्षुओं के स्वागत के लिए बुधवार को एक भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई और पूरा परिसर उत्साह, उमंग और उल्लास से भर गया।

फ्रेशर्स पार्टी का मूल उद्देश्य केवल स्वागत करना नहीं था, बल्कि नवागंतुक प्रशिक्षुओं का महाविद्यालय परिवार से आत्मीय परिचय कराना, उनके बीच आपसी सौहार्द, संवाद, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीम भावना को प्रोत्साहित करना था।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान नवागंतुक प्रशिक्षुओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों – समूह नृत्य, एकल गायन, कविता पाठ और नाट्य प्रस्तुति – से समां बांध दिया। इसके साथ ही आयोजित मनोरंजक फन गेम्स और परिचय सत्र ने पूरे वातावरण को जीवंत और उत्सवपूर्ण बना दिया। प्रशिक्षुओं की आकर्षक और रचनात्मक प्रस्तुतियों ने वरिष्ठ प्रशिक्षुओं और शिक्षकों का भी खूब मनोरंजन किया।

प्रेरणादायक संबोधनों से मिला मार्गदर्शन

समारोह में बिहार विद्यापीठ के सचिव डॉ. राणा अवधेश ने अपने आशीर्वचन में नवागंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षक बनना केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बिहार विद्यापीठ के अपर सचिव डॉ. श्यामानंद चौधरी और संयुक्त सचिव ए. के. नारायणम् ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्रशिक्षुओं को अनुशासन, मूल्य-आधारित शिक्षा और सृजनात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बिहार विद्यापीठ का गौरवशाली इतिहास प्रशिक्षुओं को सदैव सेवा और संस्कार की प्रेरणा देता रहेगा।

मानवी बनीं मिस फ्रेशर, अंकित बने मिस्टर फ्रेशर

फ्रेशर्स पार्टी के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं, रैंप वॉक, प्रतिभा प्रदर्शन और प्रश्नोत्तर सत्र के आधार पर निर्णायक मंडल ने विजेताओं का चयन किया।

बी.एड. सत्र 2026-28 की मिस फ्रेशर्स का खिताब मानवी ने और मिस्टर फ्रेशर का खिताब अंकित ने अपने नाम किया। वहीं सपना को मिस फ्रेशर रनर-अप और अभिनव को मिस्टर फ्रेशर रनर-अप घोषित किया गया। अतिथियों और महाविद्यालय परिवार ने सभी विजेताओं को मंच पर सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सफल आयोजन में सबकी भागीदारी

इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम वर्मा तथा बिहार विद्यापीठ की निदेशक, शिक्षा, संस्कृति एवं संग्रहालय डॉ. मृदुला प्रकाश के कुशल निर्देशन में किया गया। महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापकों ने गरिमामयी उपस्थिति से प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.