पटना, 02 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर रामकृष्ण द्वारिका महाविद्यालय, पटना की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) सीता सिन्हा ने समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सदैव सत्य, अहिंसा, त्याग, स्वच्छता, सादगी और मानवता के मूल्यों को हीं आदर्श माना। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से न केवल स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और आत्मनिर्भरता का संदेश भी दिया।

उन्होंने कहा कि गांधी जयंती केवल एक महान व्यक्तित्व को स्मरण करने का दिन नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लेने का अवसर है। वर्तमान समय में गांधी जी के सत्य, अहिंसा, सहिष्णुता और स्वच्छता के विचार और भी प्रासंगिक हैं।

प्राचार्या ने महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों सहित समस्त देशवासियों से आह्वान किया कि वे गांधी जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ, शांतिपूर्ण, समतामूलक एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
उन्होंने सभी को गांधी जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता, शांति और समृद्धि की कामना की।


![]()
