पटना, 1 अक्टूबर 2026

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षा (TEE) का आयोजन 25 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगा। परीक्षा के सुचारु संचालन एवं शिक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना के अधिकार क्षेत्र में आने वाले 17 जिलों में नियमित शिक्षार्थियों के लिए 22 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, काराबंदी शिक्षार्थियों के लिए 6 विशेष परीक्षा केंद्र भी निर्धारित किए गए हैं।

क्षेत्रीय केंद्र पटना ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में शिक्षार्थियों की सुविधा, भौगोलिक स्थिति और आवागमन को प्राथमिकता दी है। जमुई, छपरा, सिवान, गया, लालगंज एवं भभुआ सहित ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में भी परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि संबंधित क्षेत्रों के शिक्षार्थियों को परीक्षा के लिए अनावश्यक रूप से लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
“शिक्षार्थियों की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” — डॉ. ई. कृष्ण राव

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ई. कृष्ण राव ने कहा, “इग्नू की परीक्षा व्यवस्था में शिक्षार्थियों की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षा के लिए 17 जिलों में नियमित शिक्षार्थियों हेतु 22 परीक्षा केंद्रों के साथ काराबंदी शिक्षार्थियों के लिए 6 विशेष परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था की गई है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों के शिक्षार्थियों को भी अपने निकट परीक्षा केंद्र चुनने का अवसर मिले, जिससे उन्हें परीक्षा के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े और वे अपनी शैक्षणिक यात्रा निरंतर जारी रख सकें।”

उन्होंने शिक्षार्थियों से अपील की कि वे Samarth Portal के माध्यम से समय रहते परीक्षा फॉर्म भरें और अपनी सुविधा एवं आवागमन को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र का चयन करें। उन्होंने बताया कि बिना विलंब शुल्क परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर 2026 है, जबकि 8 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक ₹1,100 के विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भरा जा सकता है। शिक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने से लगभग एक सप्ताह पूर्व अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

परीक्षा केंद्रों के चयन में शिक्षार्थियों की सुविधा पर जोर

क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आसिफ इकबाल ने कहा, “परीक्षा केंद्रों का निर्धारण शिक्षार्थियों की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखकर किया गया है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता से संबंधित जिलों के शिक्षार्थियों को सुविधा मिलेगी। शिक्षार्थियों से अपील है कि वे समय पर परीक्षा फॉर्म भरें, उपलब्ध केंद्रों की जानकारी ध्यानपूर्वक देखें और अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा केंद्र का चयन करें।”

उन्होंने शिक्षार्थियों से परीक्षा फॉर्म जमा करने से पूर्व चुने गए परीक्षा केंद्र की जानकारी की पुष्टि करने तथा विश्वविद्यालय द्वारा जारी परीक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया।

काराबंदी शिक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था

सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. नीलू शर्मा ने कहा, “ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने के साथ-साथ काराबंदी शिक्षार्थियों के लिए विशेष परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था इग्नू की समावेशी परीक्षा व्यवस्था का हिस्सा है। हमारा उद्देश्य है कि परिस्थितियां चाहे जो हों, शिक्षार्थियों को अपनी शिक्षा जारी रखने और टर्म-एंड परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर मिले।”

परीक्षा फॉर्म एवं प्रवेश पत्र संबंधी जानकारी

दिसंबर 2026 TEE के लिए परीक्षा फॉर्म Samarth Portal के माध्यम से ऑनलाइन भरा जाना है। 7 अक्टूबर 2026 तक बिना विलंब शुल्कतथा 8 से 15 अक्टूबर 2026 तक ₹1,100 के विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म जमा किया जा सकता है।
दिसंबर 2026 TEE में सम्मिलित होने वाले शिक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने से लगभग एक सप्ताह पूर्व अपना प्रवेश पत्र (Admit Card/Hall Ticket) डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र प्राप्त होने के बाद शिक्षार्थियों को परीक्षा की तिथि, समय, केंद्र एवं अन्य निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

क्षेत्रीय केंद्र पटना ने शिक्षार्थियों से अनुरोध किया है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम सूचनाओं के लिए इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट, Samarth Portal तथा क्षेत्रीय केंद्र पटना द्वारा जारी सूचनाओं को नियमित रूप से देखते रहें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed