पटना,01 अक्टूबर 2026
जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री डा0 अशोक चैधरी एवं मदन सहनी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना।

आमजनों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विधिसम्मत एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी एवं कार्यक्रम समन्वय के लिए पार्टी की प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा भी मौजूद रहीं।

मीडिया से बातचीत करते हुए डा0 अशोक चैधरी ने कहा कि नेपाल में भारी बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ा है, जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। सरकार पूरे हालात को लेकर संवेदनशील है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जान-माल की क्षति को न्यूनतम रखने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपनी दूरदर्शिता और अद्भुत कार्यकुशलता से बिहार को नए रूप में सँवारने का काम किया है। यही कारण है कि बिहार की जनता उन्हें नव बिहार के विश्वकर्मा के रूप में देखती है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग आज नीतीश कुमार पर अनर्गल टिप्पणियाँ कर रहे हैं, उन्हें अपने गिरेबान में झाँकना चाहिए और बिहार में अपनी राजनीतिक स्थिति पर आत्मचिंतन करना चाहिए।

वहीं, मदन सहनी ने कहा कि चुनाव आयोग पर हार का अनावश्यक ठीकरा फोड़ने के बजाय विपक्ष को अपनी कमियों पर आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी एवं उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चैधरी बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। नीतीश कुमार द्वारा आपदा प्रबंधन को लेकर तैयार की गई मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप एनडीए सरकार राहत एवं बचाव अभियान चला रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सरकार हरसंभव सहायता एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है।
![]()
