पटना,24 अक्टूबर 2026

जद (यू) के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी के पुराने साथी नागेंद्र प्रसाद सिन्हा के असामयिक निधन पर पार्टी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। पार्टी ने उनके निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। नागेंद्र प्रसाद सिन्हा कैंसर से पीड़ित थे और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान शनिवार की सुबह जमशेदपुर स्थित टाटा मेमोरियल अस्पताल में उनका निधन हो गया।

नागेंद्र प्रसाद सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि वे लंबे समय से जद (यू) से जुड़े हुए थे और पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। वे पार्टी की नीतियों एवं सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध और समर्पित नेता थे। अपने क्षेत्र में उनका व्यापक जनाधार था तथा संगठन के प्रति उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।

नागेंद्र प्रसाद सिन्हा पटना जिले के मसौढ़ी प्रखंड अंतर्गत केवढ़ा गांव के निवासी थे। पार्टी नेताओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

उनके निधन पर जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान परिषद में पार्टी के मुख्य सचेतक संजय कुमार उर्फ गांधीजी, विधान परिषद में पार्टी के उप-नेता ललन कुमार सर्राफ, विधान पार्षद रवींद्र कुमार सिंह, मसौढ़ी से पार्टी विधायक अरुण मांझी, अति पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार आर्या, अरुण कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष अशोक कुमार तथा प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed