पटना,24 अक्टूबर 2026
प्रदेश जद (यू) प्रवक्ता शंभू नाथ सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी हार के डर से वे अभी से ही प्रशासन के खिलाफ आरोप लगाना शुरु कर दिए हैं। तेजस्वी यादव को आभास है कि प्रबुद्ध मतदाताओं ने उन्हें और उनके सहयोगियों को नकार दिया है एवं विधान परिषद की आठों सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की भारी जीत होगी।

उन्होंने कहा कि निशांत कुमार का नेतृत्व इस चुनाव परिणाम के बाद और भी निखर कर सामने आएगा। जिस प्रकार उन्होंने वन टू वन मतदाताओं से संपर्क साधने का काम किया वह उनके कुशल नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। नीतीश कुमार ने अपने शासनकाल के दौरान जिस तरह से जाति और धर्म की राजनीति को ध्वस्त करने का काम किया इस चुनाव में उसका भी असर देखने को मिला। सभी जाति और धर्म के लोगों ने एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का काम किया है।

नालंदा में अल्पसंख्यक समाज के बहुतायत मतदाताओं ने एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में मतदान किया। विपक्ष के स्वाभाविक मतदाताओं ने जिस तरह से उनसे दूरी बनायी इससे तेजस्वी यादव बौखला गए हैं और अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। सालों से इस राज्य की जनता ने नीतीश कुमार के शासनकाल के दौरान बिहार में बदलाव को देखा है। बदहाल बिहार की श्रेणी से बिहार को विकास के मामले में देशभर के राज्यों के समकक्ष लाने वाले नीतीश कुमार की नीतियों के चलते आज बिहार के लोगों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आए हैं।
राज्य की जनता ये बखूबी जानती है कि कौन सा दल उनके जीवन की बेहतरी के लिए काम कर रहा और कौन सी पार्टी केवल सोशल मीडिया माध्यमों से दुष्प्रचार में जुटी है। उन्होंने कहा कि बिहार विधान परिषद की आठों सीटों पर एनडीए की जीत तय है और विपक्ष के दुष्प्रचारों को जनता कभी सफल नहीं होने देगी।
![]()
