पटना 27 अक्टूबर 2026

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), क्षेत्रीय केंद्र पटना में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के दूसरे दिन मंगलवार को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम निवारक सतर्कता पर चलाए जा रहे तीन माह के अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय के साथ किया जा रहा है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय केंद्र परिसर में वायु को शुद्ध करने वाले एरेका पाम (Areca Palm) के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ, स्वस्थ और हरित परिवेश के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ई. कृष्णा राव ने वायु शुद्ध करने वाले पौधों के महत्व एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पौधारोपण न केवल पर्यावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में सहायक है, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने शिक्षार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आसिफ इकबाल, उप कुलसचिवओझा जय प्रकाश तथा सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. नीलू शर्मा ने पौधारोपण किया। क्षेत्रीय केंद्र के कर्मचारियों एवं शिक्षार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए एरेका पाम के पौधे लगाए।

कार्यक्रम के माध्यम से इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा जनसेवा में सत्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.