पटना,28 अक्टूबर 2026
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बिहारशरीफ, नालंदा स्थित उदंतपुरी में सरदार पटेल मेमोरियल काॅलेज के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद् में सत्तारूढ दल के उपनेता ललन सर्राफ, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के महासचिव हरेन्द्र बहादुर सिंह, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ0 उपेन्द्र प्रसाद सिंह एवं काॅलेज के प्राचार्य डाॅ0 महेश प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में नीतीश कुमार ने सर्वप्रथम सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत उन्होंने सरदार पटेल मेमोरियल काॅलेज के संस्थापक प्राचार्य प्रो. राजेन्द्र प्रसाद जी की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही उन्होंने नालंदा सांसद निधि से निर्मित ब्रिज एवं पथ निर्माण कार्य, नवनिर्मित वाॅलीबाॅल एवं बैडमिंटन कोर्ट एवं नवीनीकृत विज्ञान ब्लाॅक का उद्घाटन किया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में हमलोगों का निरंतर प्रयास रहा है कि बिहार के बच्चे बाहर नहीं जाएं, यहीं उन्हें अच्छी शिक्षा मिले। इसके लिए हमलोगों ने आधारभूत संरचना के विकास से लेकर शिक्षकों की नियुक्ति, अनेकों छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन योजनाओं की शुरुआत, कौशल विकास जैसे तमाम कार्य किए। नालंदा तो वैसे भी पूरे विश्व को ज्ञान दे चुका है, हमें उसी परंपरा को फिर से मजबूत करना है। मुझे पूरा विश्वास है कि सरदार पटेल जी की स्मृति में स्थापित यह संस्था आने वाले वर्षों में उनके आदर्शों और विचारों के अनुरूप मील के और भी कई पत्थर स्थापित करेगी।

नीतीश कुमार ने आगे कहा कि नई पीढ़ी को ये समझना चाहिए कि हमारा समाज और राज्य जितना शिक्षित होगा, उतना ही विकसित होगा। हमारे बच्चे अपने छात्रजीवन में जो बोएंगे वही जीवन भर काटेंगे, इसलिए उन्हें पूरी लगन और निष्ठा से अपना काम करना चाहिए और इसमें परिवार से लेकर सरकार तक, हर किसी को हरसंभव सहायता और प्रोत्साहन देना चाहिए।
![]()
