पटना 30 अक्टूबर 2026

बिहार प्रदेश जनता दल (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पार्टी के 23वें स्थापना दिवस के अवसर पर बयान जारी कर पार्टी के सर्वमान्य नेता एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, पार्टी के भविष्य एवं लोकप्रिय स्वास्थ्य मंत्री निशांत सहित सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डाॅ0 आंबेडकर, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, डाॅ0 लोहिया और जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों से प्रेरणा लेकर 30 अक्टूबर 2003 को जद (यू) की स्थापना के साथ सामाजिक न्याय, सुशासन और सामाजिक समरसता के जिन आदर्शों को लेकर पार्टी की यात्रा शुरू हुई थी, बीते 23 वर्षों में पार्टी ने उन मूल्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का काम किया है।।

श्री कुशवाहा ने कहा कि नवंबर 2005 में जब नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभाली, तब उन्होंने राज्य में एक नए युग का सूत्रपात किया। उन्होंने ‘‘न्याय के साथ विकास’’, सुशासन और महिला सशक्तीकरण का ऐसा युगांतरकारी माॅडल प्रस्तुत किया, जिसने बिहार की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल दी। वर्ष 2005 से पहले ‘बिहारी’ शब्द जहां तिरस्कार और उपेक्षा का पर्याय बन गया था, वहीं मा0 श्री नीतीश कुमार ने अपने अथक प्रयासों से बिहार और बिहारियों को सम्मान एवं स्वाभिमान की नई पहचान दिलाई।

अपने बधाई संदेश में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्थापना दिवस के इस गौरवशाली अवसर पर पार्टी की 23 वर्षों की यात्रा को नमन करते हुए हम सभी यह संकल्प लें कि जनता दल (यू) को आने वाले समय में सफलता की गगनचुंबी ऊँचाइयों तक लेकर जाएँगे। पार्टी के भविष्य एवं लोकप्रिय स्वास्थ्य मंत्री निशांत के हाथों को और मजबूत करेंगे। साथ ही, अपने सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार के समाजवादी सिद्धांतों और बिहार के नवनिर्माण में उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों को घर-घर और जन-जन तक पहुँचाने के अपने संकल्प को और मजबूत करेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed