पटना 03 नवंबर 2026
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों का निर्देश दिया है कि सरस्वती विद्या निकेतन में ऐसा बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाए, जहां बच्चों को पढ़ाई के साथ अपनी प्रतिभा और क्षमता बढ़ाने का भी पूरा मौका मिले।

श्री तिवारी ने मंगलवार को गोपालगंज जिले की बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के सदौवा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आदर्श विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और विद्यार्थियों को मिल रहीं सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के समुचित विकास और शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालय के विकास से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी और जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
![]()
