पटना 03 नवंबर 2026

बिहार भाजपा के भीष्म पितामह और गुजरात के पूर्व राज्यपाल स्व. कैलाशपति मिश्र के नाम पर बक्सर में पुस्तकालय के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर शिक्षा विभाग ने इस दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग के सचिव राजीव रौशन ने बक्सर के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पुस्तकालय निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर शीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इस पुस्तकालय को भौतिक और डिजिटल रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें स्व. मिश्र के साथ-साथ अन्य सभी महापुरुषों की जीवनी पढ़ने को मिलेंगी। पुस्तकालय में पूर्व राज्यपाल के काव्यों का भी संग्रह किया जाएगा।

शिक्षा विभाग के पत्र में डीएम से बक्सर के सिविल लाइन स्थित एसपी विद्या मंदिर विद्यालय परिसर की उपलब्ध रिक्त भूमि का स्थल निरीक्षण कराने को कहा गया है। साथ ही चिह्नित भूमि का रकबा, खाता, खेसरा, चौहद्दी और वर्तमान स्थिति का विस्तृत विवरण देने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी से प्रस्ताव के साथ भूमि अनापत्ति संबंधी प्रतिवेदन भी भेजने को कहा गया है ताकि पुस्तकालय निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सके।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि स्व. कैलाशपति मिश्र जी का जीवन और योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके नाम पर पुस्तकालय का निर्माण नई पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से परिचित कराने का माध्यम बनेगा। उनकी पुण्यतिथि पर पुस्तकालय निर्माण की यह पहल दिवंगत नेता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय विद्यार्थियों, युवाओं और शोधार्थियों के लिए ज्ञान एवं अध्ययन का आधुनिक केंद्र बनेगा। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, डिजिटल शिक्षा, शोध एवं स्वाध्याय के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। साथ ही, बक्सर की ऐतिहासिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और शैक्षणिक पहचान को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed