पटना,17 नवंबर 2026
राजधानी समेत राज्य के सभी 38 जिला मुख्यालयों में मंगलवार से सांध्यकालीन कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया। इन्हें ‘संकल्प संध्या’ नाम दिया गया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर यह विशेष व्यवस्था शुरू की गई है। इसका उद्देश्य कमजोर छात्र-छात्राओं का होमवर्क पूरा कराना और उनकी पढ़ाई मजबूत करना है। कक्षाओं के संचालन की जिम्मेदारी डीईओ को सौंपी गई है।
राजधानी के तीन केंद्रों; दरियापुर गोला स्थित पटना कॉलेजिएट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोलघर स्थित बांकीपुर बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और दानापुर स्थित बलदेवा उच्च विद्यालय में मंगलवार की शाम इसकी विधिवत शुरुआत की गई। पटना कॉलेजिएट में आरडीडीई अमित कुमार और डीईओ सरस्वती कुमारी के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। पहले ही दिन इन कक्षाओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

नालंदा में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के एसडीपी नवदीप शुक्ला, बक्सर में माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह, वैशाली में टेक्स्ट बुक के एमडी यतेंद्र कुमार पाल और भोजपुर में प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक ने कक्षाओं का उद्घाटन किया।

इस योजना का लाभ सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा।
‘संकल्प संध्या’ का संचालन अगले वर्ष 31 मार्च तक किया जाएगा। इनका समय शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक किया गया है। विद्यार्थियों को यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी।

एआई सहित पांच विषयों की पढ़ाई पर रहेगा जोर
रेमेडियल कक्षाओं में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पढ़ाई पर विशेष जोर रहेगा। इसके लिए सरकारी स्कूलों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड और अन्य डिजिटल संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।
![]()
