पटना,17 नवंबर 2026

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर शुरू किए गए ‘मेरा विद्यालय-मेरा स्वाभिमान’ अभियान में तेजी लाई जाएगी। इसको लेकर मंगलवार को अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने आभासी बैठक की। उन्होंने सभी जिलों के डीईओ को जरूरी निर्देश दिए।

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सभी डीईओ अपने जिले के ऐसे पूर्ववर्ती विद्यार्थियों की सूची तैयार करें, जो आज देश-विदेश में अच्छे पदों पर कार्यरत हैं। शिक्षा विभाग की ओर से वैश्विक बिहारी समुदाय (बिहारी डायस्पोरा) को पत्र लिखा जाएगा। संपर्क कर उनसे अपने पुराने सरकारी विद्यालय के विकास में सहयोग करने की भावनात्मक अपील की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बिहार के हर जिले के लोग देश के दूसरे राज्यों और विदेशों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें कई लोग महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं। वे अपने पुराने विद्यालय को गोद लेकर उसके विकास में योगदान दे सकते हैं। जिस विद्यालय से उन्होंने शिक्षा की पहली सीढ़ी चढ़ी, उसके विकास में सहयोग करना अपनी माटी का कर्ज चुकाने जैसा होगा।

मालूम हो, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समीक्षा बैठकों में इस अभियान को लेकर अपना संकल्प दोहरा चुके हैं। उन्होंने सरकारी विद्यालयों के पूर्ववर्ती विद्यार्थियों, खासकर एनआरआई से अपने पुराने विद्यालय से जुड़ने की अपील की है।

इस अभियान के तहत पूर्ववर्ती विद्यार्थी अपने पढ़े हुए सरकारी विद्यालय को गोद ले सकते हैं। वे विद्यालय के शैक्षणिक और आधारभूत विकास में सहयोग कर सकते हैं। इसके अलावा समय निकालकर विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन दे सकते हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed