पटना, 18 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में अशोक पेपर मिल्स लिमिटेड (बिहार इकाई), दरभंगा से संबंधित समीक्षा बैठक हुयी।

बैठक में उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार एवं दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने दरभंगा पेपर मिल्स की स्थापना से लेकर अब तक की स्थिति की रूपरेखा प्रस्तुत की।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अशोक पेपर मिल्स की भूमि को बिहार सरकार के औद्योगिक उपयोग की दिशा में आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उद्योग विभाग के सचिव, दरभंगा के जिलाधिकारी, मुख्य सचिव एवं महाधिवक्ता के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत विचार-विमर्श कर आगे की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने मिल के मजदूरों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा कि मजदूरों की बकाया देनदारियों के भुगतान पर राज्य सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजदूरों को उनका हक दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि संबंधित विभाग एवं अधिकारी आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मजदूरों के हितों एवं उनके अधिकारों की पूरी तरह रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अशोक पेपर मिल्स का समाधान निकालने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी।

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, महाधिवक्ता एस०डी० संजय, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
![]()
