पटना,22 नवंबर 2026
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि मौलाना अबुल कलाम आजाद ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना था। उनका मानना था कि शिक्षा के बिना व्यक्ति, समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

शिक्षा मंत्री श्री तिवारी रविवार को पटना स्थित एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट हॉल में भारत रत्न, देश के प्रथम शिक्षा मंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी मौलाना अबुल कलाम आजाद की 138वीं जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मौलाना आजाद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद की जयंती उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का दिन है। वे स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ महान चिंतक, विद्वान, पत्रकार और दूरदर्शी शिक्षाविद् थे। उनका पूरा जीवन राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि मौलाना आजाद ने शिक्षा को किसी जाति, धर्म या वर्ग तक सीमित नहीं रखा। वे चाहते थे कि हर नागरिक को शिक्षा का समान अवसर मिले। आजादी के बाद देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उनके प्रयास ऐतिहासिक हैं। आईआईटी खड़गपुर की स्थापना और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की स्थापना की दिशा में उनका योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय है।

उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद के विचारों से प्रेरणा लेकर बिहार सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और हर बच्चे तक शिक्षा के समान अवसर पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। समारोह का आयोजन बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ की ओर से किया गया था।
![]()
