पटना,22 नवंबर 2026
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के बुद्धा स्टडीज एवं एडवांस्ड रिसर्च सेंटर तथा बी.डी. कॉलेज, पटना के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बी.डी. कॉलेज के सेमिनार हॉल में ‘बुद्ध के विचारों के माध्यम से मानवता एवं विश्व शांति’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य शुभारंभ हुआ। संगोष्ठी में देश के विभिन्न शैक्षणिक एवं बौद्ध अध्ययन संस्थानों से जुड़े विद्वानों, शिक्षाविदों और बौद्ध भिक्षुओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष एवं बी.डी. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बुद्ध ने लगभग 2500 वर्ष पूर्व संपूर्ण विश्व को शांति, अहिंसा, करुणा और सह-अस्तित्व का संदेश दिया था, जिसकी प्रासंगिकता आज पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। वर्तमान समय में जब दुनिया युद्ध, हिंसा, वैमनस्य, असहिष्णुता और तनाव जैसी चुनौतियों से जूझ रही है, तब बुद्ध के विचार मानवता के लिए प्रकाशस्तंभ की तरह हैं।

उन्होंने कहा कि शांति केवल बाहरी परिस्थितियों से स्थापित नहीं हो सकती, बल्कि उसका वास्तविक स्रोत व्यक्ति का अपना अंतर्मन है। जब व्यक्ति के भीतर शांति, संवेदना और करुणा का भाव विकसित होगा, तभी परिवार, समाज, राष्ट्र और विश्व में स्थायी शांति की स्थापना संभव होगी। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से बुद्ध के मानवीय मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

मुख्य अतिथि बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के माननीय मंत्री श्रवण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। देश-विदेश से पर्यटक विशेष रूप से बिहार के बौद्ध स्थलों को देखने और भगवान बुद्ध के जीवन एवं दर्शन को समझने के लिए आते हैं। बोधगया सहित बिहार के विभिन्न बौद्ध स्थल विश्व के लोगों को आकर्षित करते हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की करुणा, मैत्री और मानवता का संदेश किसी एक देश या समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे विश्व के प्रत्येक कोने तक पहुंचाने की आवश्यकता है। बिहार की इस गौरवशाली विरासत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में ऐसे शैक्षणिक आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. वेन उपानंद, सहायक प्राध्यापक, इंटरनेशनल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज, लखनऊ ने कहा कि बुद्ध का मध्यम मार्ग व्यक्ति को संतुलित, विवेकपूर्ण और संयमित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उनका दर्शन आज के तनावपूर्ण और संघर्षपूर्ण विश्व में मानवीय चेतना के विकास का महत्वपूर्ण आधार बन सकता है।

वेन प्रज्ञाशील थेरो, पूर्व सचिव, बीटीएमसी, बोधगया ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की जन्मभूमि बिहार ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध रही है। इस धरती ने विश्व को अहिंसा, करुणा, त्याग और शांति का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार की इस गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और वैश्विक स्तर पर इसके महत्व को स्थापित करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह, कुलपति, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने कहा कि बुद्ध का दर्शन मानव जीवन को नैतिकता, विवेक, सहिष्णुता और करुणा से जोड़ता है। आज जब विश्व विभिन्न प्रकार के संघर्षों और वैचारिक टकरावों से गुजर रहा है, तब बुद्ध के विचारों पर अकादमिक विमर्श और शोध की आवश्यकता और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और वैश्विक प्रसार में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

प्रो. कमल प्रसाद बौद्ध, निदेशक, बुद्धा स्टडीज एवं एडवांस्ड रिसर्च सेंटर, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने कहा कि बौद्ध दर्शन भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। भगवान बुद्ध ने अपने विचारों और आचरण के माध्यम से मानवता को समता, करुणा, अहिंसा और प्रज्ञा का मार्ग दिखाया। आज आवश्यकता है कि बुद्ध के दर्शन का अध्ययन केवल अकादमिक विषय के रूप में नहीं, बल्कि जीवन की समस्याओं के समाधान के रूप में भी किया जाए। उन्होंने संगोष्ठी के विषय की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बौद्ध दर्शन के व्यापक अध्ययन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद की संभावनाओं को मजबूत करते हैं।

संचालन बी डी कॉलेज की पर्यावरण विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. कविता परमार ने किया ।
संगोष्ठी में बुद्ध के दर्शन की समकालीन प्रासंगिकता, मानवतावाद, करुणा, अहिंसा, सामाजिक समरसता तथा विश्व शांति की अवधारणा पर विद्वानों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। दो दिवसीय संगोष्ठी में विभिन्न तकनीकी सत्रों के माध्यम से शोधार्थियों एवं प्राध्यापकों द्वारा शोध-पत्रों का वाचन एवं विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, विद्वानों, शोधार्थियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
![]()
