पटना,24 नवंबर 2026

बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) की आंतरिक जांच में कई शिक्षार्थियों के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए हैं।
इस मामले में बीबोस और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के कुछ कर्मियों की भूमिका भी शक के दायरे में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोर्ड की ओर से गुरुवार को स्थानीय जक्कनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। गड़बड़ी में शामिल फर्जी शिक्षार्थियों और संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।

तकरीबन एक माह पहले बीबोस का कार्यभार संभालने के बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी सज्जन आर. ने गड़बड़ी पकड़ी थी। उन्होंने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर फर्जी प्रमाणपत्र बनाने और सत्यापन में संलिप्त लोगों का पता चला।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, एनआईओएस के क्षेत्रीय कार्यालय ने अलग-अलग पत्रों के माध्यम से बीबोस को कई शिक्षार्थियों के प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए भेजे थे। बीबोस की ओर से जांच में अधिकांश प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। साथ ही, एनआईओएस को भेजे गए बीबोस के कुछ सत्यापन पत्र भी फर्जी पाए गए। विभागीय जांच में कुछ शिक्षार्थियों और दोनों संस्थानों के कर्मियों की संलिप्तता की आशंका जताई गई। इसके बाद बीबोस के परीक्षा एवं मूल्यांकन विभाग के वरीय कार्यपालक पदाधिकारी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

अब डिजिलॉकर के जरिये कराया जाएगा सत्यापन, सुरक्षित रखे जाएंगे दस्तावेज

बीबोस के सीईओ सज्जन आर. ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद एहतियातन कदम उठाए गए हैं। आगे से सभी प्रमाणपत्रों का सत्यापन का कार्य अब डिजिलॉकर के माध्यम से किया जाएगा। बोर्ड से जुड़े सभी गोपनीय दस्तावेज पासवर्ड के साथ एसडीसी सर्वर में सुरक्षित रखे जाएंगे। बोर्ड की ओर से एसओपी भी जारी किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed