पटना, 26 नवंबर 2026
संविधान दिवस के अवसर पर आज देशरत्न राजेन्द्र प्रसाद शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, बिहार विद्यापीठ, सदाकत आश्रम, पटना में ‘भारतीय संविधान और महिला सशक्तीकरण’ विषय पर एक विचारोत्तेजक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता बिहार विद्यापीठ के अध्यक्ष विजय प्रकाश ने की। मुख्य वक्ता के रूप में मगध महिला महाविद्यालय की राजनीतिशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पुष्पलता कुमारी तथा विशिष्ट वक्ता के रूप में पटना विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. सलीम जावेद उपस्थित थे।

अध्यक्षीय संबोधन में विजय प्रकाश ने कहा कि भारतीय समाज में महिला सशक्तीकरण के अनेक प्रेरणादायक उदाहरण मौजूद हैं, लेकिन जब तक महिलाओं के प्रति समाज का दृष्टिकोण नहीं बदलेगा, तब तक केवल कानून अथवा संवैधानिक प्रावधान उन्हें वास्तविक रूप से सशक्त नहीं बना सकते। उन्होंने कहा कि महिलाओं के जन्म से लेकर जीवन के विभिन्न चरणों तक उनके कल्याण, शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इसके बावजूद समाज में महिलाओं से जुड़ी अनेक समस्याएँ विद्यमान हैं। इन समस्याओं का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी सोच और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने की जिम्मेदारी स्वीकार करे।

मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) पुष्पलता कुमारी ने महिला सशक्तीकरण की अवधारणा, उसकी वर्तमान आवश्यकता और व्यापक उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान महिलाओं को समानता, स्वतंत्रता, गरिमा और न्याय का अधिकार प्रदान करता है, लेकिन संवैधानिक प्रावधानों को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए सामाजिक चेतना और व्यावहारिक जागरूकता आवश्यक है। महिलाओं को अपने जीवन से जुड़े निर्णय लेने की स्वतंत्रता, आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों में समान अवसर तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए। इसके लिए प्रभावी कानूनी व्यवस्था और न्यायिक संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने आत्ममंथन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि महिलाओं की अशक्तता के लिए कहीं न कहीं स्वयं महिलाएँ भी जिम्मेदार हैं। जब तक वे स्वयं अपने ऊपर थोपी गई सामाजिक रूढ़ियों और बेड़ियों को तोड़ने का प्रयास नहीं करेंगी, तब तक वास्तविक सशक्तीकरण का लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सकेगा।

विशिष्ट वक्ता डॉ. सलीम जावेद ने भारतीय संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों, न्यायिक निर्णयों एवं महत्वपूर्ण वादों के संदर्भ में महिला अधिकारों और सशक्तीकरण के संवैधानिक एवं कानूनी पक्षों की व्याख्या की। उन्होंने संवैधानिक आदर्शों और सामाजिक व्यवहार के बीच विद्यमान अंतर को रेखांकित करते हुए महिलाओं के समक्ष उपस्थित विभिन्न व्यावहारिक चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संवैधानिक अधिकारों की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ समाज की प्रत्येक महिला तक पहुँचे और उन्हें समान अवसर तथा न्याय प्राप्त हो।
कार्यक्रम के प्रारंभ में बिहार विद्यापीठ के सचिव डॉ. राणा अवधेश ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया। दीप प्रज्वलन एवं महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पार्पण के साथ संगोष्ठी का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, प्रशिक्षुओं एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन कर उसके मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
संगोष्ठी में बिहार विद्यापीठ की निदेशक (शिक्षा, संस्कृति एवं संग्रहालय) डॉ. मृदुला प्रकाश, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम वर्मा, बिहार विद्यापीठ के संयुक्त सचिव अवधेश कुमार नारायण सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक, प्रशिक्षु एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे।

संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. चन्द्रकान्त आर्य ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सहायक प्राध्यापिका कुमारी प्रेरणा ने किया।
संगोष्ठी ने इस विचार को प्रमुखता से स्थापित किया कि महिला सशक्तीकरण केवल संवैधानिक अधिकारों अथवा सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि समानता, सम्मान, स्वतंत्रता और न्याय पर आधारित सामाजिक चेतना एवं सामूहिक उत्तरदायित्व का अभियान है। संविधान की भावना तभी साकार होगी, जब महिलाओं को अधिकार देने के साथ-साथ उन्हें उन अधिकारों का स्वतंत्रतापूर्वक उपयोग करने के लिए अनुकूल सामाजिक वातावरण भी उपलब्ध कराया जाएगा।
![]()
