नई दिल्ली 19 फरवरी 2026

एम्स पटना ने स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए Centre for Development of Advanced Computing (सी-डैक) पटना के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित India AI Impact Summit 2026 के दौरान हुआ।इस साझेदारी का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं, शोध, अस्पताल प्रबंधन और मरीजों के डेटा की सुरक्षा में आधुनिक एआई तकनीक का उपयोग करना है।

इस पहल के तहत डॉक्टरों की सहायता के लिए एआई आधारित क्लिनिकल डिसीजन सपोर्ट सिस्टम, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों की जल्दी पहचान के लिए मेडिकल इमेजिंग विश्लेषण, रोग निगरानी और सार्वजनिक स्वास्थ्य योजना के लिए प्रिडिक्टिव एनालिटिक्स, स्मार्ट हॉस्पिटल प्रबंधन प्रणाली, मरीजों के डेटा की सुरक्षा के लिए मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचा जैसे क्षेत्रों में कार्य किया जाएगा।

वहीं एम्स पटना जल्द ही सी-डैक मोहाली और नोएडा के सहयोग से एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्पेशल पर्पस हब (AI-SPH) भी स्थापित करेगा। यह हब शोध, नवाचार और प्रशिक्षण का केंद्र होगा। इस हब के प्रमुख उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों और छात्रों के लिए एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम, क्षेत्रीय स्वास्थ्य समस्याओं पर आधारित एआई शोध, डॉक्टरों, इंजीनियरों और डेटा विशेषज्ञों के बीच सहयोग, सुरक्षित डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली का विकास होंगे।

यह हब बिहार और झारखंड के मेडिकल कॉलेजों के लिए नोडल केंद्र के रूप में कार्य करेगा और क्षेत्र में तकनीकी विकास को बढ़ावा देगा।

समझौते के दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन और संयुक्त सचिव सुदीप श्रीवास्तव उपस्थित थे।

वहीं एम्स पटना की ओर से नीलोत्पल बल (उप निदेशक, प्रशासन), डॉ. अभ्युदय कुमार (आईटी प्रभारी) और डॉ. पल्लम गोपी चंद (उप आईटी प्रभारी) मौजूद रहे। सी-डैक पटना की ओर से अभिनव दीक्षित (सेंटर हेड) और साकेत कुमार झा (वैज्ञानिक डी) उपस्थित थे।

एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगे) डॉ. राजू  अग्रवाल ने दोनों संस्थानों की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र में एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षित डिजिटल ढांचे को मजबूत करेगी।

यह साझेदारी भविष्य के लिए आधुनिक, सुरक्षित और मरीज केंद्रित स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.