पटना, 14 जुलाई 2026
बिहार जनता दल (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को बयान जारी कर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को ‘नाॅन-सीरियस’ लीडर करार दिया।

श्री कुशवाहा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के आचार, विचार और व्यवहार से यह साफ झलकता है कि राजनीति उनके बस की बात नहीं है। वह महज एक ‘पार्ट-टाइम पाॅलिटिशियन’ बनकर रह गए हैं। उनमें न तो अपने कार्यकर्ताओं के प्रति कोई गंभीरता दिखती है, न नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद के प्रति कोई जिम्मेदारी और न ही बिहार की जनता के प्रति कोई प्रतिबद्धता नजर आती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति अब सिर्फ सोशल मीडिया और वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के सहारे चल रही है। जो नेता अपनी ही पार्टी के स्थापना दिवस समारोह को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करता हो, उसकी राजनीतिक अपरिपक्वता और गैर-गंभीरता स्वतः उजागर हो जाती है।
उन्होंने आगे कहा कि चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए तेजस्वी यादव का जीवन हमेशा ऐशो-आराम वाला रहा है। यही वजह है कि उन्होंने न कभी पढ़ाई को महत्व दिया और न ही क्रिकेट के प्रति गंभीर हो सके। अब वह अपने पिता की राजनीतिक विरासत को भी मटियामेट करने पर तुले हैं।
श्री कुशवाहा ने कहा कि बिहार के राजनीतिक इतिहास में तेजस्वी यादव जैसा अगंभीर, असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष आज तक नहीं हुआ। यही कारण है कि जनता उन्हें अब सीरियसली नहीं लेती।
![]()
