पटना 04 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) परिचालन सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कुदंन कुमार ने स्टीमर (फेरी) परिचालन सेवा के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्टीमर का निरीक्षण किया तथा स्टीमर पर सवार लोगों से मुलाकात की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं आमजनों ने पुष्प गुच्छ एवं फुल-मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा नासरीगंज-पानापुर स्टीमर फेरी सेवा से आवागमन काफी सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। यह स्टीमर फेरी सेवा पूरी तरह निःशुल्क है।

स्टीमर फेरी सेवा के शुरु होने से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र के लोगों को गंगा पार आवागमन में काफी सहूलियत होगी। साथ ही क्षेत्र में फेरी सेवा का लाभ दियारा क्षेत्र के सब्जी-फल, दुग्ध उत्पादकों-विक्रेताओं तथा किसानों को भी मिलेगा। कृषि एवं दुग्ध उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होने से स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। मॉनसून के दौरान यह सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। स्टीमर फेरी सेवा के माध्यम से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों- पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। दियारा क्षेत्र से दानापुर तक आवागमन के लिए गंगा नदी पर पीपा पुल का संचालन सामान्यतः नवंबर से 15 जून तक किया जाता है। शेष अवधि में पीपा पुल हटा लिए जाने के कारण मानसून के दौरान स्थानीय लोगों को गंगा पार करने में काफी कठिनाइयों एवं जोखिम का सामना करना पड़ता है। स्टीमर फेरी सेवा शुरू होने से इस अवधि में लोगों का आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।

दियारा क्षेत्र में वर्तमान में 58 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 553 शिक्षक एवं कर्मी कार्यरत हैं। इसके अलावा क्षेत्र में 95 आंगनबाड़ी केंद्रों में 190 सेविका-सहायिका, 3 स्वास्थ्य उपकेंद्र तथा पंचायत कार्यालय संचालित हैं। फेरी सेवा शुरू होने से इन संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों, कर्मियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं, स्वास्थ्य कर्मियों एवं पंचायत कर्मियों को भी अपने कार्यस्थलों तक आने-जाने में सहूलियत होगीl जल परिवहन के बेहतर उपयोग से गंगा के दोनों ओर रहने वाले लोगों को आवागमन का एक अतिरिक्त एवं सुविधाजनक विकल्प भी उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.