पटना, 13 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियानके अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), क्षेत्रीय केन्द्र पटना द्वारा आज भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली क्षेत्रीय केन्द्र, पटना के कार्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मौलाना आजाद विश्वविद्यालय तक निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में शिक्षार्थियों, अकादमिक परामर्शदाताओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली में वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ई. कृष्ण राव, क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आसिफ इकबाल, सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. नीलू शर्मा, उप कुलसचिव जे. प्रकाश ओझा, मूल्यांकन प्रभाग, इग्नू पटना के उप कुलसचिव राजेश शर्मा, क्षेत्रीय केन्द्र के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षार्थी हाथों में तिरंगा लेकर साथ-साथ चले। प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ई. कृष्ण राव ने कहा, “स्वतंत्रता केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि निरंतर जिम्मेदारी का बोध कराती है। तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता, विविधता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। हमारा दायित्व है कि हम तिरंगे की गरिमा को सदैव सर्वोच्च रखते हुए देश की प्रगति और समृद्धि में अपना योगदान दें।”

क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आसिफ इकबाल ने कहा, “‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र की एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम है। तिरंगा रैली के माध्यम से इग्नू के शिक्षार्थियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है।”

सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. नीलू शर्मा ने कहा, “‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान देशभक्ति की भावना को केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उसे प्रत्येक नागरिक के जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश देते हैं। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना हम सभी के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।”

उप कुलसचिव जे. प्रकाश ओझा ने कहा, “राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान विशेष रूप से युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।”

मूल्यांकन प्रभाग, इग्नू पटना के उप कुलसचिव राजेश शर्मा ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर देता है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान उनके सपनों के भारत के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।”

रैली में शामिल शिक्षार्थियों ने इसे अत्यंत प्रेरणादायक एवं गौरवपूर्ण अनुभव बताते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और उत्साह का वातावरण बना रहा। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाली इस तिरंगा रैली ने शिक्षार्थियों एवं समस्त प्रतिभागियों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.