औरंगाबाद 22 अगस्त 2026
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न हो गया। औरंगाबाद के अम्बा स्थित राजलक्ष्मी रिजॉर्ट में आयोजित इस शिविर में कांग्रेस ने अपनी नई रणनीति तैयार की। प्रशिक्षण शिविर के दूसरे और आखिरी दिन पार्टी ने मीडिया और सोशल मीडिया के लिए अपनी रणनीति बनाई। इसके साथ ही राजनीति में महिलाओं की भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया। मौजूदा राजनीतिक परिवेश में कांग्रेस की भूमिका और जन लामबंदी के आधुनिक तरीके पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु मौजूद रहें। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरकार चला रहे लोग समाज और देश को तोड़ रहे हैं और राहुल गांधी जी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। आपसी एकता और सहमति से देश को ताकतवर बनाया जा सकता है। पार्टी और समाज को एक अनुशासन में साथ चलना चाहिए। कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र को स्थापित किया है और हमारे प्रखंड अध्यक्ष की वैचारिक मजबूती के लिए यह प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। प्रखंड अध्यक्ष हमारी पार्टी की रीढ़ हैं।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि संगच्छध्वं संबदध्वं का सूत्र कहता है कि सबको साथ लेकर चलने और सबके विचारों का सम्मान करने से ही श्रेष्ठ समाज का निर्माण होता है। कांग्रेस हमेशा इस सूत्र का सम्मान करती रही है। पंचायत के एक कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक एक सूत्र में बंधे होते हैं और सब एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। देश निर्माण में हम सबको अपनी भूमिका निभानी है। एक-दूसरे से संवाद और एक-दूसरे का सम्मान हमारा संस्कार है।

प्रशिक्षण शिविर का संचालन संयोजक प्रो. रंजीत मिश्र और सत्रों का संचालन प्रशिक्षक राजकुमार मीणा ने किया। शिविर को असित नाथ तिवारी, कुणाल कुमार, राकेश सिंह, सुश्री ऋचा, जितेन्द्र नाथ पटेल और पूर्व विधायक आनंद शंकर ने प्रशिक्षण दिया।
प्रखंड अध्यक्षों के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज यादव, डॉ. अमन कुमार, सत्येंद्र नारायण, अरविंद शर्मा, डॉ अनिता कुमारी, पूनम यादव, शैलेन्द्र मिश्र, चंद्रभूषण राजपूत सहित अन्य प्रमुख नेतागण भी शामिल हुए।
![]()
