पटना, 01 सितम्बर 2026

शिक्षा विभाग ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि राज्य के किसी भी शिक्षक का बायोडाटा गायब नहीं हुआ है। 58 हजार से अधिक शिक्षकों का ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर प्रोफाइल अपडेट नहीं हुआ है। दैनिक भास्कर समाचार पत्र में प्रकाशित ‘ई-शिक्षाकोष पर संकट : बिहार के 52 हजार शिक्षकों का बायोडाटा गायब हुआ, ट्रांसफर और वेतन वृद्धि पर लगा ब्रेक’ शीर्षक से छपी खबर तथ्यात्मक रूप से सही प्रतीत नहीं होती है।

विभाग के अनुसार, राज्य में कुल 5,79,214 कार्यरत शिक्षक हैं। इनमें से 5,20,465 शिक्षकों का प्रोफाइल ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अद्यतन किया जा चुका है। शेष 58,749 शिक्षकों का प्रोफाइल अद्यतन होना बाकी है। इसका अर्थ यह नहीं है कि इन शिक्षकों का बायोडाटा पोर्टल से गायब हो गया है।

शिक्षकों के प्रोफाइल को अद्यतन करने के संबंध में शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में ही सभी जिलों को निर्देश जारी किए गए थे। विभागीय पत्रांक संख्या 1608, दिनांक 08.05.2026 एवं पत्रांक संख्या 1759, दिनांक 29.05.2026 के माध्यम से सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) को शिक्षकों के प्रोफाइल को अद्यतन करने का निर्देश दिया गया था।

इन निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया था कि हर शिक्षक खुद ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर उपलब्ध अपने प्रोफाइल की जांच करें। यदि किसी प्रकार की गलती मिलती है, तो संबंधित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को लिखित आवेदन देकर उसमें सुधार कराया जाए।इसके बाद विभागीय पत्रांक संख्या 2450, दिनांक 19.08.2026 के माध्यम से सभी जिलों को पुनः निर्देश दिया गया कि 28.08.2026 तक शिक्षकों के प्रोफाइल को अद्यतन किया जाए।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रोफाइल के अद्यतन की प्रक्रिया विभागीय स्तर पर लगातार जारी है और संबंधित जिलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.