पटना, 02 सितम्बर 2026
बिहार राज्य खाद्यान्न व्यवसायिक संघ के तत्वावधान में खाद्यान्न एवं खाद्य पदार्थ व्यवसायियों के राज्यस्तरीय सम्मेलन-सह-101वीं रामलखन प्रसाद गुप्त जयंती समारोह का आयोजन बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज में किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने रामलखन प्रसाद गुप्त जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया तथा खाद्यान्न एवं खाद्य पदार्थ व्यवसायियों को राज्य की आर्थिक प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती की मेहनत और बाजार की ताकत जब एक साथ आती है तो समृद्धि का रास्ता खुलता है। बिहार की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में किसानों के साथ-साथ व्यवसायियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। किसान और व्यापारी मिलकर काम करें तथा बिहार को समृद्ध बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि राज्य में व्यवसाय और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। बिहार में कारोबार एवं उद्योग के लिए अपार संभावनाएं हैं। बिहार के जो लोग बाहर रह रहे हैं, वे बिहार वापस आएं और यहां उद्यम करें। बिहार इसके लिए पूरी तरह तैयार है और यहां उद्यम एवं व्यवसाय के लिए पूरी संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजार समितियों में छोटे-छोटे स्थान उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग योजना तैयार करे ताकि छोटे व्यवसायियों एवं खाद्यान्न कारोबार से जुड़े लोगों को भी अपना व्यवसाय संचालित करने के लिए उचित स्थान मिल सके। इससे स्थानीय स्तर पर व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करना है, इसके लिए बिहार के किसान और व्यवसायी मिलकर कार्य करें। कृषि उत्पादन को बाजार से जोड़ने, व्यापार को सुगम बनाने और राज्य में रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।
बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ० दिलीप जायसवाल, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, विधायक सह मुख्य सचेतक सत्तारूढ दल, बिहार विधान सभा संजीव चौरसिया, पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
![]()
