पटना, 03 सितम्बर 2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर तथा संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जलस्तर की वर्तमान स्थिति, तटबंधों की सुरक्षा तथा संभावित प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे एहतियाती प्रबंधों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कल दोपहर 1 बजे स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान वे बढ़े जलस्तर से उत्पन्न स्थिति एवं प्रभावित क्षेत्रों का आकलन करेंगे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की दोपहर 2 बजे उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी करेंगे। बैठक में नदियों के जलस्तर की स्थिति, तटबंधों की मजबूती एवं सुरक्षा, संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों तथा राहत एवं बचाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ की संभावित स्थिति को लेकर पूरी तरह सजग और संवेदनशील है। आमजनों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि एस०डी०आर०एफ० एवं एन०डी०आर०एफ० की टीमों को अलर्ट मोड पर रखें तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, खाद्य सामग्री तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही आमजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और जान-माल की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रशासन स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए रखे और स्थानीय स्तर पर लोगों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए।

ज्ञातव्य है कि 01 सितम्बर 2026 को गांधी घाट पर जलस्तर सुबह 6 बजे 49.40 मीटर, शाम 6 बजे 49.50 मीटर, 02 सितम्बर को सुबह 6 बजे 49.71 मीटर, शाम 6 बजे 49.98 मीटर तथा 03 सितम्बर को सुबह 6 बजे 50.18 मीटर तथा दोपहर 12 बजे 50.25 मीटर जलस्तर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 1.65 मीटर अधिक है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.