पटना 05 सितम्बर 2026

शिक्षक दिवस सम्मान समारोह का आयोजन बी.डी. कॉलेज, पटना में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दिवाकर प्रसाद के मार्गदर्शन में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

इस समारोह के मुख्य अतिथि थे प्रो. जंग बहादुर सिंह, पूर्व विभागाध्यक्ष, हिंदी विभाग, रांची विश्वविद्यालय, रांची। उन्होंने अपने उद्बोधन में बताया कि “सर्वपल्ली राधाकृष्णन अप्रतिम वक्ता थे। जब उनके छात्रों ने उनका जन्मदिन मनाने की इच्छा व्यक्त की तो उन्होंने कहा कि यदि तुम लोग मेरा जन्मदिन मनाना चाहते हो तो उसे शिक्षक दिवस के रूप में मनाओ।” तभी से 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की परंपरा की शुरुआत हुई।

मुख्य वक्ता ने राधाकृष्णन जी के उस प्रेरक विचार को भी उद्धृत किया जिसमें उन्होंने कहा था कि “जानकारी से ज़्यादा महत्व जीवन में समझदारी का है।” इस संदेश ने समारोह के वातावरण को और भी चिंतनशील और प्रेरणादायी बना दिया।उन्होंने गुरु के सात गुणों से शिक्षकों को अवगत कराया और अमल करने की बात की ।

मंचासीन अतिथियों में हिंदी विभाग के प्रो. शत्रुघ्न शरण सिंह, इतिहास विभाग के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार तथा रसायन शास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. बिजय कुमार उपस्थित रहे।

अपने प्रेरक वक्तव्य में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दिवाकर प्रसाद ने कहा कि “शिक्षा का उद्देश्य महज डिग्री प्राप्त करना नहीं होना चाहिए, बल्कि किरदार का निर्माण इसका मूल लक्ष्य होना चाहिए — ऐसा व्यक्तित्व जो राज्य और राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे।” उन्होंने छात्रों को यह भी प्रेरित किया कि वे सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षित हों, ताकि उनका व्यक्तित्व ज्ञान, चरित्र और सामाजिक उत्तरदायित्व का आदर्श बने।

सम्मान समारोह के बीच छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएँ कविता और भाषण के माध्यम से व्यक्त कीं।
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी नीतू तिवारी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बच्चों को तैयार किया।

एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता की, जिससे समारोह का वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण और ऊर्जावान बना।

विशेष उल्लेखनीय यह रहा कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में अवकाश प्राप्त शिक्षकगण भी उपस्थित रहे, जिन्हें कॉलेज परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। उनके अनुभव और योगदान को स्मरण करते हुए समारोह का वातावरण और भी भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी बन गया।

इस अवसर पर मानवाधिकार टुडे द्वारा प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दिवाकर प्रसाद को “बेस्ट प्रिंसिपल गुरु सम्मान – 2026” से सम्मानित किया गया, जिससे समारोह की गरिमा और भी बढ़ गई।

कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से डॉ. कविता परमार और कुमारी मोनिका ने किया।
धन्यवाद ज्ञापन कुमारी मोनिका ने प्रस्तुत किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.