पटना 23 सितम्बर 2026
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज भोजपुर जिले के जगदीशपुर स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा संग्रहालय में प्रदर्शित विभिन्न ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक सामग्रियों का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में बाबू वीर कुंवर सिंह के जीवन, संघर्ष, शौर्य और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान से संबंधित ऐतिहासिक तथ्यों एवं घटनाओं की विस्तृत जानकारी ली। बाबू वीर कुंवर सिंह के जीवन एवं कृतित्व पर आधारित लघु फिल्म की प्रस्तुति भी मुख्यमंत्री के समक्ष की गई।

मुख्यमंत्री के समक्ष बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय के कायाकल्प एवं सौंदर्गीकरण से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय का सौंदर्गीकरण एवं कायाकल्प बेहतर और आकर्षक ढंग से किया जाए। यह स्थल केवल पर्यटकों के लिए ही नहीं, बल्कि बाबू वीर कुंवर सिंह के जीवन एवं स्वतंत्रता आंदोलन पर अध्ययन करने वाले शोधार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसलिए यहां आने वाले शोधार्थियों के रहने-सहने एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में मौजूद ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक साक्ष्यों की मूल स्वरूप में सुरक्षा सुनिश्चित हो तथा उनके साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं हो। उन्होंने संग्रहालय परिसर में अवस्थित तालाब का भी बेहतर ढंग से सौंदर्गीकरण कराने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने संग्रहालय परिसर में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भूमिहीन लाभार्थियों को बासगीत पर्चा प्रदान किया। मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के लाभार्थियों ने पेंशन का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि जिला अस्पतालों से मरीजों को पहले की अपेक्षा काफी कम संख्या में बाहर रेफर किया जा रहा है, जिसके कारण जिला अस्पतालों में ऑपरेशन की संख्या पहले की तुलना में लगभग तीन गुना बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों का भी अवलोकन किया तथा उनके उत्पादों और प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री सह भोजपुर जिला के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक राधा चरण साह, विधायक राकेश ओझा, विधान पार्षद जीवन कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, भोजपुर के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार दीक्षित सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
![]()
