पटना, 24 सितंबर 2026
बी. डी. कॉलेज, पटना में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यशस्वी प्राचार्य प्रोफेसर दिवाकर प्रसाद के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में NSS इकाई-1 और इकाई-2 द्वारा सेमिनार हॉल में NSS दिवस के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का केंद्रीय संदेश “Not Me But You – मैं नहीं, आप” रहा, जो NSS की सेवा और समर्पण की मूल भावना को व्यक्त करता है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भाव, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना था।
प्राचार्य ने दिया सेवा का संदेश
कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद, हिंदी विभाग के वरीय प्राध्यापक प्रो. शत्रुघ्न शरण सिंह, हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. लाडली कुमारी, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी नीतू तिवारी एवं डॉ. विजय शंकर विक्रम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने अध्यक्षीय भाषण में प्राचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद ने कहा कि NSS स्वयंसेवकों को समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशील बनना चाहिए और सामाजिक समस्याओं के समाधान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

छात्रों ने ली सेवा की शपथ
कार्यक्रम में स्वागत भाषण एवं धन्यवाद ज्ञापन NSS इकाई-1 की कार्यक्रम पदाधिकारी नीतू तिवारी ने किया, जबकि विषय प्रवेश NSS इकाई-2 के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. विजय शंकर विक्रम ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों से निःस्वार्थ सेवा को जीवन-मूल्य के रूप में अपनाने और बेहतर समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
मंच का संचालन NSS स्वयंसेवक दीप्ति करण और आन्ध्या ने किया। इस दौरान राहुल, दीपक, गौरी ज्योति, प्रियांशु सहित कई विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से समाज को प्रेरित किया।
इस अवसर पर NSS स्वयंसेवकों द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई और प्राचार्य एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के सभी शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और सेवा-भावना को जीवन का हिस्सा बनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।
![]()
