पटना,05 अक्टूबर 2026
रिटेल फर्टिलाइजर फार्मर वेलफेयर फाउंडेशन, बिहार के तत्वावधान में आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को गर्दनीबाग, पटना में खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की विभिन्न समस्याओं एवं पाँच सूत्री मांगों को लेकर विशाल एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

धरना-प्रदर्शन में फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में बिहार के सभी जिलों से जिलाध्यक्ष संजीव कुमार, अनिल हठी, उपेन्द्र केशरी, सुधांशु सिंह, सुधीर कुमार, सुरेश्वर कुमार, हीरा कुमार सिंह, कुमार ज्योति, तरुण जैन, भानु सिंह, अमरेश झा, कैलाश सिंह, जितेन्द्र ओझा, अशोक कुमार सिंह समेत लगभग 10,000 खुदरा उर्वरक विक्रेताओं ने भाग लिया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उर्वरक विक्रेताओं ने अपनी समस्याओं को सरकार एवं संबंधित विभाग के समक्ष मजबूती से रखा।

फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि खुदरा उर्वरक विक्रेता किसानों तक खाद-बीज एवं कृषि सामग्री पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में उन्हें लगातार कई प्रकार की व्यावहारिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सरकार एवं संबंधित कंपनियों द्वारा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

धरना के दौरान फाउंडेशन ने सरकार के समक्ष निम्नलिखित पाँच सूत्री मांगे प्रमुखता से रखीं:
1. FOR के तहत उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठान तक सरकारी दर पर उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
2. उर्वरक अनुज्ञप्ति के साथ अन्य कृषि उत्पादों के होल्डिंग/व्यवसाय को लेकर खुदरा विक्रेताओं को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाए तथा उन्हें उचित राहत दी जाए।
3. सभी कंपनियों द्वारा ब्लॉक स्तर के विक्रेताओं के समक्ष निर्धारित उर्वरक की उपलब्धता/आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो सके।
4. जब खुदरा विक्रेता QR कोड के माध्यम से उर्वरक की बिक्री करता है, तो उसके भुगतान/प्रोत्साहन से संबंधित QR कोड एवं राशि की व्यवस्था पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए तथा विक्रेताओं को उनका उचित लाभ दिया जाए।
5. जब पूरी व्यवस्था ऑनलाइन की जा रही है, तो खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के लिए आवश्यक वित्तीय/ऋण संबंधी सुविधा की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि ऑनलाइन व्यवस्था के बावजूद विक्रेताओं को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य सरकार के खिलाफ जाना नहीं, बल्कि खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की जायज समस्याओं का समाधान कराकर किसानों और विक्रेताओं दोनों के हित में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराना है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार द्वारा इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो फाउंडेशन आगे राज्यव्यापी आंदोलन को और व्यापक रूप देने के लिए बाध्य होगा।उन्होंने सरकार एवं कृषि विभाग से मांग की कि खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की पाँच सूत्री मांगों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए वार्ता कर समाधान निकाला जाए।

श्री राजीव रंजन ने धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए बिहार के सभी जिलों से पहुंचे हजारों खुदरा उर्वरक विक्रेताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह एकजुटता आने वाले समय में संगठन की ताकत बनेगी।
![]()
