पटना 26 अक्टूबर 2026
जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। आमजनों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विधिसम्मत एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वय हेतु प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी सुमित कुमार सिंह मौजद रहे।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि बिहार विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सभी आठ सीटों पर मतदाताओं का रुझान एनडीए के पक्ष में दिखाई दिया है। हमें पूरा विश्वास है कि एनडीए समर्थित सभी प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में समाज के सभी वर्गों के लिए काम हुआ है। न्याय के साथ विकास की अवधारणा को जमीन पर उतारकर उन्होंने विकास की एक नई लकीर खींची है और बिहार की तस्वीर बदलने का काम किया है।

ऐसे में किसी के अनर्गल बयानबाजी से नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और राजनीतिक कद पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील कुमार ने इसे निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का प्रयोग होना चाहिए।

![]()
