पटना,30 अक्टूबर 2026
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), क्षेत्रीय केंद्र पटना के शिक्षार्थी विजय कुमार का अंतरराष्ट्रीय एआई कार्यशाला SAIDS 2.0 के लिए चयन हुआ है। यह कार्यशाला 5 से 7 नवंबर 2026 तक कोलकाता स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सांख्यिकी संस्थान (Indian Statistical Institute – ISI) में आयोजित की जाएगी।
यह चयन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (Machine Learning) एवं रोबोटिक्स के क्षेत्र में उनकी गहरी अकादमिक रुचि, निरंतर प्रयास और तकनीकी दक्षता को दर्शाता है। श्री विजय कुमार वर्तमान में बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के अंतर्गत एक राजकीय उच्च विद्यालय में कंप्यूटर साइंस शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं।

इस उपलब्धि पर इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ई. कृष्णा राव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा, “यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि इग्नू के शिक्षार्थी नई और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंचों पर अपनी पहचान बना रहे हैं। ऐसे अवसर नवाचार, ज्ञान और उत्कृष्टता की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।”

क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आसिफ इकबाल ने भी विजय कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा, “यह चयन निरंतर सीखने और व्यावसायिक विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हमें विश्वास है कि इस कार्यशाला से प्राप्त अनुभव और ज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में उभरती तकनीकों के प्रभावी उपयोग में सहायक सिद्ध होंगे।”

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना अपने शिक्षार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व करता है तथा आजीवन शिक्षा, अकादमिक उत्कृष्टता और व्यावसायिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
![]()
