पटना, 03 नवंबर 2026
विद्यार्थियों में पर्यावरण जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बी. डी. कॉलेज, पटना के वृक्ष वेद (Vriksh Veda) इको क्लब द्वारा मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में ‘अपना परिसर, स्वच्छ परिसर’ शीर्षक से स्वच्छता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में तथा वृक्ष वेद इको क्लब की समन्वयक कुमारी मोनिका के संयोजन में किया गया। इस अभियान में महाविद्यालय के शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर डॉ. बिरेंद्र मंडल, डॉ. मनीषा प्रियंबदा, डॉ. मोनिका कुमारी एवं डॉ. कविता परमार सहित अन्य शिक्षकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने मिलकर महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई की, इधर-उधर बिखरे कचरे को एकत्रित किया तथा कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूकता प्रदर्शित की। अभियान के दौरान प्लास्टिक के कम से कम उपयोग, स्वच्छता बनाए रखने तथा जिम्मेदार कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखना केवल किसी संस्थान का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरणीय स्वच्छता, सतत जीवनशैली एवं सामुदायिक सहभागिता के महत्व के प्रति जागरूक करना था।

इस गतिविधि ने यह संदेश दिया कि प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास भी सामूहिक रूप से बड़े पर्यावरणीय बदलाव का आधार बन सकता है। वृक्ष वेद इको क्लब ने इस अभियान के माध्यम से महाविद्यालय समुदाय में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की संस्कृति को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने तथा समाज में पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता फैलाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
अभियान का संदेश था—
“स्वच्छता ही सेवा है, स्वच्छ परिसर ही सुंदर परिसर है!”
![]()
