पटना,23 नवंबर 2026

बिहार जनता दल (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि 24 नवंबर, 2005 की तारीख बिहार के इतिहास में एक निर्णायक और ऐतिहासिक मोड़़ साबित हुई। इसी दिन विकासपुरुष नीतीश कुमार ने बिहार की कमान संभालकर कुशासन के अंधकार को समाप्त किया और ‘न्याय के साथ विकास’ की नई यात्रा का शुभारंभ किया।

श्री कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने एक कुशल शिल्पी की भाँति बीते दो दशकों में बिहार को नए स्वरूप में गढ़़ने और सँवारने का काम किया है। 1990 के दशक में जो बिहार पिछड़ेपन और अव्यवस्था का प्रतीक बन चुका था, आज वह पूरे देश के सुशासन, न्याय के साथ विकास और महिला सशक्तिकरण के एक सशक्त माॅडल के रूप में स्थापित है। यह परिवर्तन श्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम है।

उन्होंने महात्मा गांधी, डाॅ0 राममनोहर लोहिया, बाबा साहेब डाॅ0 भीमराव अंबेडकर, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों एवं सिद्धांतों को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाने का काम किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के प्राचीन गौरव और खोई हुई कीर्ति को पुनः स्थापित करने के लिए दिन-रात एक कर दिया। उनके नेतृत्व में राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाले अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। लगभग 800 वर्षों के बाद नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना, प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को पुनर्जीवित करने की स्वीकृति, राजगीर में कई अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन, वैशाली में विश्वस्तरीय बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मारक का निर्माण और बोधगया में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध केंद्र की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। हाल ही में बिहार संग्रहालय को विश्वस्तर पर नौवाँ और एशिया में प्रथम स्थान प्राप्त होना भी बिहार की बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाता है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब राज्य के बाहर ‘बिहारी’ कहलाना अपमान का विषय माना जाता था, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए व्यापक बदलाव का ही परिणाम है कि आज ‘बिहारी’ होना अपमान नहीं, बल्कि गर्व और स्वाभिमान का विषय बन चुका है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि बिहार के इसी ऐतिहासिक बदलाव और सुशासन के दो दशकों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से पार्टी द्वारा कल, 24 नवंबर को पूरे प्रदेश में अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ ‘सुशासन दिवस – नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed