पटना,25 नवंबर 2026
महेन्द्रू स्थित राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद् (एससीईआरटी) में विज्ञान एवं गणित विभाग की ओर से आयोजित दो कार्यशालाओं का बुधवार को समापन हो गया।

तीन दिवसीय पहली कार्यशाला में गणित एवं विज्ञान विषय की संदर्शिका तैयार करने पर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए इन विषयों को सरल, रोचक और गतिविधि आधारित बनाना है। संदर्शिका की मदद से शिक्षक कक्षा में पढ़ाई को अधिक प्रभावी बना सकेंगे। वहीं, विद्यार्थी विषयों को आसानी से समझ सकेंगे।

दूसरी कार्यशाला में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिए तैयार लैब मैनुअल की समीक्षा और संशोधन किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थी विज्ञान के प्रयोग स्वयं करके सीख सकेंगे। इससे विद्यालयों में प्रायोगिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

दोनों कार्यशालाओं में विषय विशेषज्ञों, विद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के व्याख्याताओं, विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों और विभागीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। तीन दिनों तक अध्ययन सामग्री की विषय-वस्तु, गुणवत्ता और उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई।

इन कार्यशालाओं का मुख्य उद्देश्य गणित एवं विज्ञान की पढ़ाई को सरल, गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक बनाना है। साथ ही, विद्यार्थियों को रटने के बजाय समझकर और प्रयोग करके सीखने के लिए प्रेरित करना है। समीक्षा और संशोधन के बाद तैयार सामग्री का उपयोग शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की पढ़ाई में किया जाएगा।
![]()
