पटना,27 नवंबर 2026

गंगा देवी महिला महाविद्यालय, पटना में आयोजित छह दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) ‘लैंगिक संवेदनशीलता एवं सतत विकास: उच्च शिक्षा में बहुविषयक दृष्टिकोण और संस्थागत अभ्यास’ के तीसरे दिन का विषय ‘विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से लैंगिक विमर्श’ रहा।

चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, पटना (सीआईएमपी) के अर्थशास्त्र विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सिबानंद सेनापति ने जलवायु परिवर्तन का महिलाओं, विशेषकर ग्रामीण महिलाओं, पर पड़ने वाले असमान प्रभावों की चर्चा की। बिहार की सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों के संदर्भ में उन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने और सतत विकास की योजनाओं में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर बल दिया।

शियोदेनी साव कॉलेज, मगध विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. राहुल कुमार ने आधुनिक विज्ञान के विकास में महिला वैज्ञानिकों के महत्वपूर्ण, किंतु अपेक्षित पहचान से वंचित योगदानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने ‘मटिल्डा इफेक्ट’ के माध्यम से वैज्ञानिक उपलब्धियों की मान्यता में ऐतिहासिक लैंगिक भेदभाव तथा विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के समक्ष विद्यमान चुनौतियों की चर्चा की।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रियंका झा ने लैंगिक रूढ़ियों को समाप्त करने में शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन के लिए शिक्षकों की भूमिका, लैंगिक संवेदनशील पाठ्यक्रम और समावेशी शिक्षण पद्धतियों की आवश्यकता पर जोर दिया।

दिन के अंतिम ऑनलाइन सत्र में दिल्ली उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं दिल्ली लीगल एड के परामर्शदाता नितिन कुमार नायक ने महिला अधिकारों, संवैधानिक संरक्षण और संबंधित कानूनी प्रावधानों की चर्चा की। उन्होंने महिलाओं की न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने में विधिक जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया।

विभिन्न सत्रों में वैज्ञानिक, सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं विधिक दृष्टिकोणों से लैंगिक समानता और सतत विकास के पारस्परिक संबंधों पर विमर्श किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) श्यामा रॉय की अध्यक्षता में किया जा रहा है। डॉ. श्वेता शर्मा कार्यक्रम की समन्वयक एवं डॉ. बिधु बाला सहायक समन्वयक हैं। डॉ. भाव्या झा एवं डॉ. स्वेता गुप्ता ने कार्यक्रम की परिकल्पना एवं आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.