पटना, 06 अगस्त 2026
गुरुवार को जनता दल (यू0) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार की मंत्री डाॅ0 श्वेता गुप्ता ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुँचे फरियादियों की समस्याएँ गंभीरतापूर्वक सुनीं तथा उनके विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्टी की प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा भी उपस्थित रहीं।

जनसुनवाई के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए डाॅ0 श्वेता गुप्ता ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि अधिकांश लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई है। जिन कुछ लाभार्थियों के जीवन प्रमाणीकरण में तकनीकी अथवा अन्य कारणों से समस्या आने के कारण राशि हस्तांतरण प्रभावित हुआ है, उनके मामलों की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक मामले का सत्यापन कर सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में शीघ्र राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के मंत्रिमंडल ने आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के 22 हजार से अधिक पदों पर बहाली का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इससे आंगनबाड़ी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा महिलाओं एवं बच्चों तक पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

![]()
