5 सितंबर को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में शिक्षक दिवस समारोह, शिक्षक सहयोग पोर्टल लॉन्च करेंगे मुख्यमंत्री
पटना 27 अगस्त 2026
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि मैट्रिक और इंटर के बच्चों की मार्कशीट पर अब ‘फेल’ शब्द नहीं लिखा जाएगा। इसके लिए नियम में बदलाव किया जाएगा। शिक्षा विभाग जल्द ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को आवश्यक निर्देश जारी करेगा। ‘फेल’ की जगह प्रमाण पत्र पर ‘कौशल के लिए पात्र’ शब्द का प्रयोग किया जाएगा।

गुरुवार की रात विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री तिवारी ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के मनोबल को बनाए रखना जरूरी है। किसी परीक्षा में अपेक्षित अंक नहीं आने से बच्चे की प्रतिभा खत्म नहीं हो जाती। इसलिए प्रमाण पत्र पर ‘फेल’ जैसे शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मैट्रिक की पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए एक महीने तक विशेष कक्षाएं चलाई जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर देना और उनकी सफलता सुनिश्चित करना है। बैठक में 5 सितंबर को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। इस अवसर पर दोनों माननीय उप मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर माननीय मुख्यमंत्री शिक्षक सहयोग पोर्टल की भी शुरुआत करेंगे। हर जिले से एक-एक चयनित शिक्षक को राजकीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में चयनित पटना के 10 मॉडल स्कूलों के बच्चों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा डायट, एससीईआरटी और शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों के शिक्षकों को भी समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में माननीय शिक्षा मंत्री ने बिहार शिक्षा परियोजना परिषद सहित विभिन्न विभागों के आय-व्यय का ब्यौरा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में विभाग के सचिव राजीव रौशन, विशेष सचिव धर्मेन्द्र कुमार समेत सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
