पटना 07 मार्च 2024

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पटना वूमेंस काॅलेज में दो दिवसीय उत्सव ‘ओजस्विनी 2024’ का आयोजन किया गया जिसमें पटना वूमेंस काॅलेज एलुमिनी एसोशिएसन द्वारा बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका डाॅ. नीतू कुमारी नवगीत सहित तीन लोगों को साहस पुरस्कार प्रदान किया गया।

विजेताओं को पटना वूमेंस काॅलेज की प्राचार्या सिस्टर एम. रश्मि ए.सी., उप प्राचार्या सिस्टर डाॅ. एम. तनीषा, ए.सी. तथा मानविकी संकाय की डीन एवं जन्तु शास्त्र विभाग की विभागध्यक्ष डाॅ. अमिता जायसवाल ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर काॅलेज की छात्राओं ने पूरे कॉलेज को साड़ी, रंगीन मटके, रंगोली, पोस्टर व विभिन्न कला कृतियों से सजाया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्जवलन करके काॅलेज की प्राचार्या सिस्टर एम. रश्मि ए.सी., उप प्राचार्या सिस्टर डाॅ. एम. तनीषा, ए.सी. ने किया। 7 मार्च 2024 को उत्सव के पहले दिन स्वागत गान के बाद आईगिरी नंदिनी गीत पर काॅलेज की छात्राओं द्वारा मनमोहक प्रार्थना नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद कॉलेज की छात्राओं की टीम द्वारा मणिपुर की बेटी नामक स्टेज प्ले के माध्यम से मणिपुर के वर्तमान हालात को दर्शाया गया जिसने सभी दर्शकों को झकझोर दिया।

ओजस्विनी 2024 उत्सव के दूसरे दिन यूथ मोबिलाइजेशन फॉर नेशनल एडवांसमेंट (वाईएमएनए), की मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी राखी शर्मा, बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका और पटना नगर निगम स्वच्छता जागरूकता अभियान की ब्रांड एम्बेसडर डॉ. नीतू कुमारी नवगीत तथा गरिमा गृह के ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट अभिनव कुमार को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए साहस अवार्ड प्रदान किया गया। कार्यक्रम में लोकगायिका नीतू कुमारी नवगीत ने कहा कि सामाजिक बुराईयों से लड़ने के लिए गीत संगीत एक सशक्त माध्यसम है। इस माध्यम का उपयोग करते हुए उन्होंने न सिर्फ बाल-विवाह, दहेज प्रथा और भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराईयों के खिलाफ आवाज उठाई बल्कि मतदाता जागरूकता, स्वच्छता जागरूकता और बच्चियों की शिक्षा की अहमियत के संबंध में भी जन-जागरण अभियान चलाया। इस मौके पर राखी शर्मा और अभिनव कुमार ने भी समाज सेवा के संबंध अपने अनुभव साझा किये।

कार्यक्रम के दूसरे दिन परफॉर्मिंग आर्ट्स की छात्राओं ने मधुर गीत की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत की। इसके बाद नुक्कड़ नाटक ‘अस्तित्व’ के मंचन साथ नाटक उत्सव की शुरूआत हुई। नाट्य उत्सव में पटना वूमेंस कॉलेज के अलावा संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, ए. एन. कॉलेज, पटना कॉलेज और अरविंद महिला कॉलेज की छात्राओं ने अलग-अलग विषयों पर लघु नाटकों का मंचन किया और महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। समस्त कार्यक्रम का संचालन मरियम व पुरबाशा ने सांस्कृतिक समन्वयक एवं इतिहास विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सिस्टर सेलिन क्रास्टा ए.सी., पूजा कुमारी, सांस्कृतिक समन्वयक व सहायक प्रोफेसर, वाणिज्य विभाग और मिस ईनाक्षी डे बिस्वास, समन्वयक, परफॉर्मिंग आर्ट्स की देखरेख में किया गया। धन्यवाद ज्ञापन सृष्टि तिवारी ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.