पटना 25 फरवरी 2026
राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद् (SCERT), बिहार द्वारा मंगलवार को “जिला सशक्तिकरण कार्यक्रम” के अंतर्गत “उपलब्धि प्रदर्शनी – सह – सम्मान समारोह” का गौरवपूर्ण आयोजन परिषद् के प्रांगण में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान सभी शिक्षक शिक्षा संस्थानों (DIET/BIET/PTEC) द्वारा विद्यालय विकास एवं संस्थागत सुधार के लिए अपनाई गई उत्कृष्ट एवं नवीन कार्य पद्धतियों को साझा करना था। इस मंच के माध्यम से विभिन्न संस्थानों द्वारा एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और आगामी सत्र 2026-27 के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों उपनिदेशक सुभाष कुमार गुप्ता, संयुक्त निदेशक सुषमा कुमारी, अरूप, विभाध्यक्ष विभा रानी, FLN PMU तेज नारायण प्रसाद, और व्याख्याता सपना द्वारा दीप प्रज्वलन और बिहार गीत के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला सशक्तिकरण कार्यक्रम की अब तक की यात्रा पर आधारित एक विशेष वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया. राज्य स्तरीय इस “उपलब्धि प्रदर्शनी” में सभी अध्यापक शिक्षा संस्थानों के लिए स्टॉल की व्यवस्था की गई थी, जहाँ उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की अपनी प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी के दौरान अतिथियों द्वारा ‘गैलरी वॉक’ कर प्रत्येक जिले के नवाचारों का अवलोकन किया गया।

“सत्र 2025-26 के दौरान तैयार किए गए सभी MIPs ‘निपुण बिहार’ के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए बेसलाइन आकलन के आधार पर डिजाइन किए गए हैं। यह हर्ष का विषय है कि हमारे अध्यापक शिक्षा संस्थान अब डेटा और अनुसंधान आधारित सुधारात्मक कार्यों पर बल दे रहे हैं। आगामी सत्र 2026-27 में हमें इन अनुभवों को आधार बनाकर प्रत्येक जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी कार्ययोजना को लागू करनी होगी। अध्यापक शिक्षा संस्थान को राज्य एवं विद्यालय के बीच मेंटरिंग तंत्र को विकसित करने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप काम करेंगे। विद्यालायो में की जाने वाली गतिविधियाँ बच्चों को शिक्षा से और अधिक जोड़ सकेंगी। गतिविधि आधारित शिक्षण ही निपुण विद्यालय बनाने में सहायक होगा ।” — दिनेश कुमार सचिव शिक्षा विभाग सह निदेशक, SCERT
“संस्थानों द्वारा विकसित भाषा और गणित के पूरक गतिविधि पैकेज तथा स्कूलों में किए जा रहे ‘स्कूल एक्सपीरियंस प्रोग्राम’ से प्रशिक्षु शिक्षकों की समझ में व्यापक सुधार आया है। हमारा लक्ष्य है कि अभ्यास विद्यालयों को वास्तविक ‘निपुण मॉडल स्कूल’ के रूप में विकसित किया जाए, जहाँ पुस्तकालय, क्विज़ और सुरक्षित वातावरण सीखने का आधार बनें।” — विभा रानी विभागाध्यक्ष, SCERT

कार्यक्रम के दौरान आयोजित पैनल चर्चा में विशेषज्ञों ने FLN पहल और डिजिटल नवाचारों पर विस्तार से संवाद किया। इसके उपरांत, चयनित अध्यापक शिक्षा संस्थानों द्वारा अपनी सर्वश्रेष्ठ कार्य प्रणालियों (Best Practices) का प्रस्तुतीकरण दिया गया। समारोह के अंतिम चरण में, उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस गरिमामयी आयोजन में SCERT के पदाधिकारी, विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सभी DIET/BIET/PTEC प्राचार्य/व्याख्याता और मंत्रा4चेंज के सदस्य सम्मिलित हुए।
![]()
