पटना 09 जुलाई 2026

अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय सभाकक्ष में शहर की यातायात व्यवस्था एवं ओवरब्रिज पर चल रहे मरम्मत कार्य के मद्देनज़र निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य ओवरब्रिज पर चल रहे कार्य के दौरान उत्पन्न होने वाली अस्थायी यातायात समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना तथा विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करना था।

अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने सभी विद्यालयों से अपील की कि वे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को वैकल्पिक मार्गों, विद्यालय के समय तथा यातायात संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का सर्वोच्च प्रयास है कि ओवरब्रिज मरम्मत कार्य के दौरान भी शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी प्रकार से प्रभावित न हो।

बैठक में यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने, विद्यालय वाहनों के संचालन, विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में समन्वय स्थापित करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रधानाध्यापकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। आगे अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि जनसहयोग एवं प्रशासनिक समन्वय से इस अस्थायी चुनौती का सफलतापूर्वक समाधान किया जाएगा तथा आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.