पटना 29 जुलाई 2026
राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना का लाभ दिलाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग और युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।

इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन में शिक्षा विभाग के सभी निदेशालयों के निदेशकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि इस योजना के तहत 18 से 28 वर्ष के युवाओं को सरकारी, गैर-सरकारी और निजी संस्थानों में इंटर्नशिप का अवसर उपलब्ध कराया जाता है। इंटर्नशिप के दौरान युवाओं को डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में नियमित स्टाइपेंड भी दिया जाता है। बिहार में इंटर्नशिप करने पर 6000 से 8000 रुपए तथा बिहार के बाहर इंटर्नशिप करने पर 9000 से 11000 तक की राशि दी जाती है।
बैठक में योजना के उद्देश्य, प्रमुख विशेषताओं और इसके प्रभावी क्रियान्वयन की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि वे अपने-अपने स्तर पर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करें ताकि राज्य के अधिक से अधिक युवा इस योजना से जुड़कर कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
![]()
