पटना, 06 अगस्त 2026

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि सरकारी विद्यालयों में शनिवार को हाफ डे लागू करने का आदेश जारी कर दिया गया है। इस दिन नो बैग डे भी होगा और इस दौरान बच्चों को नाटक, संगीत और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से अवगत कराया जाएगा। बच्चों को हर विधा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए कला और संगीत में पारंगत शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में श्री तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की घोषणा के अनुरूप अब शनिवार को सभी सरकारी विद्यालय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही खुलेंगे। सोमवार से शुक्रवार तक सभी विद्यालय सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे। उन्होंने बताया कि वर्ग 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए शनिवार को पूर्व निर्धारित शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियां दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। इसके बाद 12 बजे से 12:40 बजे तक मध्याह्न भोजन कराया जाएगा और भोजन के बाद विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार को अध्यापन कार्य और पूर्व निर्धारित अन्य गतिविधियां दोपहर 1:00 बजे तक संचालित की जाएंगी। इसके बाद विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी जाएगी।

शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिक्षक-शिक्षिकाएं कक्षा संचालन के बाद रोज एक घंटे तक अगले दिन एवं अगले सप्ताह की पाठ योजना तैयार करने, मूल्यांकन कार्य, शिक्षक डायरी अद्यतन करने, विद्यार्थियों के गृहकार्य की जांच, प्रयोगशाला प्रबंधन तथा आवश्यकतानुसार रिमेडियल कक्षाएं संचालित करने जैसे शैक्षणिक कार्य करेंगे। इन कार्यों के पूरा होने के बाद ही वे विद्यालय से प्रस्थान करेंगे। समय-सारणी से संबंधित अन्य सभी प्रावधान पूर्ववत लागू रहेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed