पटना, 12 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज गोपालगंज जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में जिले के थावे प्रखंड स्थित चनावे ग्राम में प्रस्तावित मां थावे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण को लेकर चिह्नित स्थल का निरीक्षण किया तथा निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को 25 एकड़ 20 डिसमिल भूमि में प्रस्तावित मां थावे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण के संबंध में साइट मैप के माध्यम से स्थल की उपलब्धता, आधारभूत सुविधाओं, पहुंच मार्ग, भूमि की स्थिति सहित परियोजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रस्तावित मां थावे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने तथा परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मां थावे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण से गोपालगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई आधारभूत संरचना विकसित होगी, इससे स्थानीय स्तर पर गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

निरीक्षण के दौरान खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, विधान पार्षद जनक राम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, सारण प्रमंडल के आयुक्त डॉ० मनीष कुमार, सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक नीलेश कुमार, गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ, पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed