पटना, 16 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरू संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर बिहार में ‘श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान’ का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य अनुसूचित जाति आबादी वाले सभी गांवों एवं बसावटों में सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की 100 प्रतिशत उपलब्धता, आधुनिक सामाजिक आधारभूत संरचना, आर्थिक अवसरों तथा शैक्षणिक सशक्तीकरण को सुनिश्चित करना है। इस अभियान को समग्र सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन के लक्ष्य के साथ एकीकृत बहुक्षेत्रीय कार्ययोजना के आधार पर संचालित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 18 से 20 अगस्त तक श्री गुरू संत रविदास कलश यात्रा को प्रखंड स्तर तक ले जाया जायें ताकि अभियान के उद्देश्यों एवं संत गुरु रविदास जी के समरसता, सामाजिक समानता और मानवता के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके।

अभियान के तहत अधिकार एवं योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अधिकार आधारित शिविर, जन-जागरूकता कार्यक्रम, साइकिल रैली, मैराथन, वाद-विवाद, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 25 अगस्त से 25 सितंबर

2026 तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्व संचालित योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए आवास, जलापूर्ति, सड़क, बिजली, सौर ऊर्जा एवं स्वास्थ्य संबंधी कमियों को दूर किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक माह के प्रथम गुरुवार को संत रविदास शिविर का अनिवार्य रूप से आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से अभियान की निरंतरता 15 फरवरी 2027 तक बनाए रखने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समान अवसर और समावेशी विकास को जमीनी स्तर पर सुनिश्चित करने का व्यापक प्रयास है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करें, ताकि अनुसूचित जाति बहुल गांवों एवं बसावटों में सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाते हुए सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष पराशर, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.