पटना, 27 अगस्त 2026
गुरुवार को जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों एवं जिलाध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ संगठन के विस्तार तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस बैठक में मुख्य रूप से बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा, मुख्यालय प्रभारी शंभू कुशवाहा एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण वर्मा उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने प्रकोष्ठ अध्यक्षों एवं जिलाध्यक्षों को संगठन के विस्तार एवं मजबूती के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है तथा सभी को पूरी प्रतिबद्धता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सामाजिक न्याय, विकास और सुशासन के क्षेत्र में नीतीश कुमार के बीस वर्षों के कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियाँ जद (यू) की सबसे बड़ी पूंजी हैं, जिन्हें जन-जन तक ले जाना है। इसके साथ ही समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के विकास की दिशा में एनडीए सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी हर व्यक्ति तक देना है, ताकि इसका लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सके।

साथ ही, उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत के दूरदर्शी नेतृत्व में जद (यू) को आने वाले दिनों में सफलता की नई ऊँचाइयों पर ले जाना है तथा प्रदेश की जनता के विश्वास और भरोसे पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ सभी को मिलकर कार्य करने का संकल्प लेना है।
![]()
