पटना 12 सितम्बर 2026
कटिहार जिले के प्राणपुर प्रखंड स्थित नया प्राथमिक विद्यालय, दीघापार में विद्यालय चोरी और 44.85 लाख रुपये के भुगतान का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा बिल पूरी तरह फर्जी और AI जेनरेटेड निकला है। विभागीय जांच में इसका खुलासा हुआ है।

शिक्षा विभाग के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर में दावा किया जा रहा था कि विद्यालय चोरी होने के बाद 44.85 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। इस संबंध में कटिहार DEO कार्यालय के अभिलेखों की जांच की गई तो ऐसा कोई भी प्रामाणिक कार्यालयी अभिलेख नहीं मिला। जांच में स्पष्ट हुआ कि वायरल बिल AI से बनाया गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कटिहार DM के निर्देश पर DEO और अनुमंडल पदाधिकारी ने 10 सितंबर को नया प्राथमिक विद्यालय, दीघापार का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से भी भुगतान से संबंधित प्रमाण मांगे गए, लेकिन किसी भी ग्रामीण द्वारा 44.85 लाख के भुगतान का कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि यह विद्यालय भवनहीन है। विद्यालय भवन को लेकर DEO कार्यालय द्वारा 30 जुलाई को ही प्राथमिक शिक्षा निदेशक को प्रतिवेदन भेजा जा चुका है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों और स्थलीय जांच के आधार पर सोशल मीडिया पर प्रसारित 44.85 लाख रुपये के भुगतान की खबर और बिल तथ्यहीन एवं भ्रामक है। शिक्षा विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी अप्रमाणित सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर कर लें।
![]()
