पटना 13 सितम्बर 2026
बिहार लोक भवन में आज एक गरिमामय समारोह में माननीय राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन जी द्वारा पटना उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन के राजेंद्र मंडप में आयोजित किया गया, जिसमें राज्य के कई गणमान्य अतिथि, हाईकोर्ट के न्यायाधीशगण, वरिष्ठ अधिवक्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी समारोह में सम्मिलित हुए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर नए मुख्य न्यायाधीश को हार्दिक बधाई दी और सफल कार्यकाल के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा — “बिहार लोक भवन में माननीय राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन जी द्वारा पटना उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश जी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस गरिमामय अवसर पर सम्मिलित होकर हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।”

बता दें कि इससे पहले पटना हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय के 11 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद वरिष्ठ न्यायाधीश सुधीर सिंह कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। रविवार को पटना हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने छह अगस्त 2026 को हुई बैठक में न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई।
शपथ ग्रहण के साथ ही न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव ने पटना हाईकोर्ट के 49वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाल ली।
कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद है।
![]()
