मुंबई ,19 सितंबर 2026
टीवी के पॉपुलर स्टार गुरमीत चौधरी और बिग बॉस फेम ईशा मालवीय पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। उनकी इंटेंस लव स्टोरी फिल्म ‘तुम मेरे हो’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म के साथ ईशा मालवीय बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रही हैं।

मेकर्स ने फिल्म के दो नए पोस्टर रिलीज किए हैं, जिसमें गुरमीत और ईशा की जुनून भरी केमिस्ट्री साफ नजर आ रही है। पोस्टर में प्यार, भावनाओं और रिश्तों की कसौटी की झलक मिलती है। यह सिर्फ एक पारंपरिक लव स्टोरी नहीं, बल्कि रोमांस के साथ एक्शन और एडवेंचर का भी संगम होगी।

निर्देशक ने कही दिल की बात
फिल्म के निर्देशक आशीष पांडा ने कहा, “बड़े पर्दे पर ‘तुम मेरे हो’ के जरिए प्यार की गहराई को पेश करना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। यह कहानी सिर्फ खूबसूरत पलों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन चुनौतियों के बारे में भी है जो प्यार की परीक्षा लेती हैं। हम दर्शकों को एक भव्य सिनेमाई अनुभव देना चाहते थे।”
उन्होंने आगे कहा, “गुरमीत चौधरी ने एक अभिनेता और निर्माता के तौर पर इस किरदार में गहराई और दृढ़ विश्वास लाया है। वहीं ईशा मालवीय अपने किरदार में फेमिनिन सॉफ्टनेस और भावनात्मक मजबूती दोनों लेकर आई हैं। वह इस रोल के लिए एकदम परफेक्ट हैं।”
फिल्म के बारे में
‘तुम मेरे हो’ का निर्देशन आशीष पांडा ने किया है, जबकि इसका निर्माण रेवा क्रिएटिव हाउस और डेबगुरु फिल्म्स ने किया है। फिल्म की निर्माता आरती एस और देबिना बनर्जी हैं। कहानी और पटकथा निरंजन अयंगर और पूर्वा नरेश ने लिखी है। फिल्म का संगीत सारेगामा के बैनर तले मिथुन, संजू राठौड़, विवेक वर्मा और कृष्ण जैसे संगीतकारों ने तैयार किया है, और वितरण पीवीआर पिक्चर्स कर रहा है।
![]()
